Mau : करंट हादसे में मृत तीन युवकों के परिजनों से मिले जमीयत उलेमा के पदाधिकारी, 50-50 लाख मुआवज़े और एक-एक सरकारी नौकरी की मांग
मऊनाथ भंजन। शहर के इस्लामाबाद मोहल्ले में बीते सोमवार को शादी समारोह में टेंट लगाने के दौरान हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से तीन युवकों मोहम्मद कामिल, मोहम्मद इरफान और महमूद अहमद की दर्दनाक मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद तीनों मृतकों की नमाज़-ए-जनाज़ा इस्लामाबाद के एक विशाल मैदान में एक साथ अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर शोक एवं आक्रोश व्यक्त किया। इसके बाद गमगीन माहौल में तीनों मृतकों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
हादसे के बाद जमीयत उलेमा मऊ का एक प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल इस्लामाबाद पहुंचा और स्थिति का जायज़ा लेने के साथ ही मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि यह बेहद दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है। इस दुख की घड़ी में परिजनों के साथ खड़ा होना समाज की ज़िम्मेदारी है।
इस दौरान जमीयत उलेमा मऊ के जिला सचिव मुफ्ती अब्दुल्लाह नोमानी, आयोजक मौलाना एजाज़ अहमद आज़मी एवं सदस्य अनस मुमताज़ सहित अन्य पदाधिकारियों ने परिजनों को सब्र और हौसले से काम लेने की अपील की तथा मृतकों के लिए दुआ-ए-मगफिरत की।
जमीयत उलेमा के पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि इस आकस्मिक हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों के परिवारों को 50-50 लाख रुपये का मुआवज़ा तथा परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने कहा कि मृतक बेहद गरीब परिवारों से ताल्लुक रखते थे और उनकी कमाई से ही परिवार का भरण-पोषण होता था। उनके असमय निधन से परिवारों के सामने रोज़ी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में सरकार को पीड़ित परिवारों पर विशेष ध्यान देते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस तरह की अचानक हुई मौत का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इस्लाम धर्म भी दुख की घड़ी में सब्र की सीख देता है। उन्होंने अल्लाह से मृतकों की मगफिरत, उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला मुकाम और परिजनों को सब्र-ए-जमील अता करने की दुआ की।
प्रतिनिधिमंडल में जमीयत उलेमा मऊ के जिलाध्यक्ष एवं जामिया मिफ्ताहुल उलूम शाही कटरा के नायब शेखुल हदीस मौलाना खुर्शीद अहमद मिफ्ताही, जिला सचिव एवं मदरसा तालीमुल कुरआन मोहसिनपुरा के उस्ताद मुफ्ती अब्दुल्लाह नोमानी, शहर अध्यक्ष एवं इमाम-खतीब जामा मस्जिद शाही मौलाना कारी मसीहुर्रहमान कासमी, शहर महासचिव एवं जामिया मिफ्ताहुल उलूम शाही कटरा के पूर्व मुहतमिम मौलाना मोहम्मद आज़म मिफ्ताही, मौलाना सुहैल अहमद आज़मी, मौलाना एजाज़ अहमद आज़मी, मौलाना मसूद आज़म मिफ्ताही, हाजी फैजुर्रहमान अंसारी, मसूद नेता और अनस मुमताज़ सहित अन्य लोग शामिल रहे।
#maunews #jamiyatulmahind #Maulana #muslim #NewsUpdate #newsfeed