#बलरामपुर! सरकारी स्कूलों के मेधावी बने 'टेबल' के मालिक, डीएम की पहल से घर-घर जगेगी पढ़ाई की अलख...
कक्षा 6 से 8 के 5,850 मेधावी छात्र-छात्राओं को मिली स्टडी टेबल, स्वाध्याय की संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा...
रिपोर्ट-इमरान अली शाह
22 अगस्त 2026 बलरामपुर; सरकारी स्कूलों के बच्चों की पढ़ाई का तौर-तरीका अब बदलने लगा है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में विकास विभाग के सहयोग से एक अनूठी पहल के तहत जनपद के 5,850 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्टडी टेबल मुहैया कराई गई हैं। कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई इस योजना का मकसद सिर्फ फर्नीचर देना नहीं, बल्कि बच्चों में नियमित पढ़ाई की आदत और अनुशासन की नींव रखना है।
अक्सर संसाधनों के अभाव में बच्चों को जमीन पर बैठकर या बिना किसी निश्चित स्थान के पढ़ना पड़ता था। अपना 'स्टडी स्पेस' मिलने से अब वे घर पर ही स्कूल जैसा माहौल पा रहे हैं। इससे न सिर्फ वे होमवर्क और रिवीजन आसानी से कर सकेंगे, बल्कि किताबों को सहेजने की कला भी सीखेंगे।
प्रशासन ने बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों को भी इस मुहिम से जोड़ा है। स्कूलों के बाद घर पर भी पढ़ाई का सकारात्मक माहौल बना रहे, इसके लिए पालकों को बच्चों के स्वाध्याय पर नजर रखने और समय का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विद्यालयी शिक्षा और घरेलू अध्ययन के बीच की यह मजबूत कड़ी सरकारी स्कूलों के बच्चों के भविष्य को नई उड़ान देने के लिए तैयार है।
#balrampur #dmbalrampur