13 साल से बंद कैलारस शक्कर मिल फिर होगी शुरू, सरकार ने शुरू की प्रक्रिया
मुरैना/ कैलारस शक्कर मिल को दोबारा शुरू कराने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने गुरुवार को कहा कि सरकार कैलारस शक्कर मिल को फिर से शुरू कराएगी। इसके लिए कृषि मंत्रालय की ओर से पत्र भी जारी किया गया है।
मंत्री के मुताबिक, कारखाने की जमीन पहले ही एमएसएमई विभाग को सौंपी जा चुकी है। अब विभाग देश के बड़े शक्कर मिल संचालकों से मिल चलाने के लिए ईओआई के माध्यम से प्रस्ताव मांगेगा।
करीब 13 साल से बंद इस मिल के दोबारा शुरू होने से क्षेत्र के 20 हजार से अधिक गन्ना किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है। किसानों को गन्ना बेचने के लिए दूसरे क्षेत्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
सरकार के पत्र के अनुसार, 19 अगस्त को मंत्रिपरिषद ने कैलारस शक्कर कारखाने की जमीन एमएसएमई विभाग को देने का फैसला किया। मुख्यमंत्री ने कारखाने को पुनः शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। कृषि विभाग क्षेत्र में गन्ने की खेती को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयास करेगा।
बड़े मिल संचालकों से मांगे जाएंगे प्रस्ताव
एमएसएमई विभाग जल्द ही ईओआई जारी करने की प्रक्रिया में है। इसके जरिए देश के बड़े शक्कर मिल संचालकों को कैलारस कारखाना संचालित करने के लिए प्रस्ताव देने का मौका मिलेगा।
इसके अलावा कारखाने के लिए जरूरी जमीन के बाद बची भूमि पर औद्योगिक क्लस्टर विकसित करने की योजना है, जहां विभिन्न औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जा सकेंगी।
#मुरैना #morena #कैलारस #शक्कर
Morena Nagar, Morena | Aug 20, 2026