#बलरामपुर! रसोइयों को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात: मानदेय ₹3,000 हुआ, ₹2 लाख का कैशलेस इलाज भी मिलेगा...
एमएलके पीजी कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में विधायक पल्टूराम और डीएम ने बांटे प्रतीकात्मक चेक और हेल्थ कार्ड...
रिपोर्ट-इमरान अली शाह
बलरामपुर ! पीएम पोषण (मिड-डे-मील) योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन पकाने वाले रसोइयों के लिए केंद्र व राज्य सरकार ने खुशियों का पिटारा खोल दिया है। सरकार ने रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी के साथ ही उन्हें 2 लाख रुपये तक की मुफ्त कैशलेस चिकित्सा सुविधा का तोहफा दिया है।
रविवार को लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण बलरामपुर के एमएलके पीजी कॉलेज में देखा गया, जहां मुख्य अतिथि बलरामपुर सदर विधायक पल्टूराम और जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने रसोइयों को सम्मानित किया।
मानदेय बढ़कर हुआ ₹3,000, जिले के 4,851 रसोइयों को लाभ
जिले में कार्यरत कुल 4,851 रसोइयों को अब प्रतिमाह ₹2,000 के स्थान पर ₹3,000 बढ़ा हुआ मानदेय मिलेगा। इसके साथ ही, उनका ₹2 लाख तक का इलाज पूरी तरह कैशलेस होगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक और डीएम ने प्रतीकात्मक रूप से बढ़े हुए मानदेय के चेक और स्वास्थ्य कार्ड रसोइयों को सौंपे।
मेहनत का मिला सम्मान: विधायक पल्टूराम
विधायक पल्टूराम ने संबोधन में कहा कि परिषदीय स्कूलों में नामांकित बच्चों को पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन परोसने में रसोइयों का योगदान सराहनीय है। मानदेय में वृद्धि और स्वास्थ्य सुरक्षा की यह सौगात उनके परिश्रम का सच्चा सम्मान है, जिससे रसोइयों का आर्थिक व सामाजिक आधार मजबूत होगा।
अधिकारियों को निर्देश: सुगमता से पहुंचे लाभ
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने योजना के क्रियान्वयन पर बल देते हुए कहा कि रसोइये मिड-डे-मील व्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जिले के अंतिम पात्र रसोइये तक इन दोनों सुविधाओं का लाभ पारदर्शी और सुलभ तरीके से जल्द से जल्द पहुंचाना सुनिश्चित करें।
इस गरिमामयी अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक पाठक, नगर पालिका प्रतिनिधि डी.पी. सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में रसोइये मौजूद रहे। मानदेय बढ़ने और चिकित्सा सुरक्षा मिलने से रसोइयों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
#balrampur #dmbalrampur