Public App Logo
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनी फरियाद, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी देवरिया। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने तहसील सदर में जनसुनवाई करते हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर भी मौजूद रहे। डीएम ने राजस्व विभाग के अधिकारियों, राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि धारा 24, 116 सहित विभिन्न राजस्व वादों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राजस्व निरीक्षकों को आवश्यकता के अनुसार प्रारंभिक पैमाइश कराने और आदेशों का प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर प्रतिकूल प्रविष्टि के साथ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने जनता दर्शन, तहसील एवं थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई वाले मामलों में संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजने के निर्देश दिए, ताकि शिकायतकर्ता को संतुष्टि मिल सके। जिलाधिकारी ने पुराने धारा 24 एवं 116 के मामलों से संबंधित पंजिकाओं और पत्रावलियों का भी अवलोकन किया। साथ ही आईजीआरएस के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नायब तहसीलदार को प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान ग्राम शाहबाजपुर निवासी शशिकला देवी ने सिंचाई विभाग से संबंधित शिकायत के भ्रामक निस्तारण का मामला रखा। डीएम ने अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग को मामले का वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए। नगर पंचायत गौरीबाजार निवासी राधाकृष्ण पांडेय ने प्राचीन मंदिर की भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा हस्तक्षेप एवं बेदखली की शिकायत की। वहीं पुरवा मेहड़ा निवासी सोमनाथ प्रसाद ने अवैध पट्टा निरस्त कर भूमि अपने नाम आवंटित किए जाने की मांग की। दोनों मामलों में डीएम ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने खंड शिक्षा अधिकारियों, सहायक पंचायत अधिकारियों, सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) एवं अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारियों को ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के संचालित केंद्रों की जांच एवं पर्यवेक्षण के लिए फील्ड में भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर कराया जाए। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने भी पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की और संबंधित थाना प्रभारियों को प्राथमिकता के आधार पर मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 32 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें से 2 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष 30 मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 15, पुलिस एवं विकास विभाग के 4-4 तथा अन्य विभागों के 9 प्रकरण शामिल रहे। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी, तहसीलदार अलका सिंह, नायब तहसीलदार शिवेंद्र कौंडिल्य सहित राजस्व विभाग के कानूनगो, लेखपाल एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। - Salempur News