शाहजहांपुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है... शिव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की कथित तौर पर हत्या कर दी गई और वारदात के बाद मंदिर परिसर में ही दोनों की लाशें जला दी गईं। सुबह मंदिर से धुआं उठता देख ग्रामीण पहुंचे तो एक शव जल रहा था, जबकि दूसरा लगभग पूरी तरह जल चुका था।
मामला खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव का है। मंदिर में रहने वाले बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारी दास की हत्या की गई है। दोनों के शव मंदिर परिसर में करीब 10 मीटर की दूरी पर पड़े मिले।
घटना की जानकारी उस वक्त हुई, जब सुबह करीब 7 बजे मंदिर में सफाई करने पहुंचे व्यक्ति ने धुआं उठता देखा। मौके पर पहुंचने के बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में बाबा बिहारी दास के भतीजे सुमित सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मंदिर की जमीन पर कब्जे के विवाद का एंगल सामने आया है। हालांकि, पूरे मामले की जांच अभी जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर पहले लोहे के पाइप से दोनों साधुओं पर हमला किया और इसके बाद मंदिर में मौजूद पूजा सामग्री की मदद से शवों में आग लगा दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी करीब दो घंटे तक वहां मौजूद रहा और इसके बाद अपने घर जाकर सो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों साधु लंबे समय से मंदिर में रह रहे थे। बाबा गोपाल दास करीब 20 साल से मंदिर की देखरेख कर रहे थे, जबकि बाबा बिहारी दास करीब एक महीने पहले उनके साथ रहने लगे थे।
वहीं, ग्रामीणों ने आरोपी पर पहले भी मारपीट और आगजनी जैसी घटनाओं में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन पुराने आरोपों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही खुदागंज पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब हत्या की वजह, वारदात में इस्तेमाल सामान और आरोपी की भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल दो साधुओं की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी है और पुलिस मामले की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
#Shahjahanpur #ShahjahanpurNews #UPNews #BreakingNews #CrimeNews #SadhuMurder #Sadhu #TempleCrime #MurderCase #UPPolice #CrimeNewsIndia #ViralNews #BreakingNewsToday #LatestNews #सनसनीखेज_वारदात #शाहजहांपुर #साधु_हत्या #मंदिर_में_हत्या #यूपी_न्यूज #बड़ी_खबर #ब्रेकिंग_न्यूज #क्राइम_न्यूज #CitySpecialNews