नगर विकास एवं आवास विभाग की योजनाओं की जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा, लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश।
आज दिनांक 29 अगस्त 2026 को जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न नगर निकायों में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक के प्रारंभ में बुडको के उप परियोजना निदेशक श्री कुंदन कुमार त्रिपाठी द्वारा मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया। बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 15 योजनाओं का चयन किया गया था, जिनमें से 13 योजनाओं का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा 02 योजनाओं का कार्य लंबित है। इस पर जिला पदाधिकारी ने लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 14 योजनाओं का चयन किया गया है, जिनमें से 07 योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा 06 योजनाओं की निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। जिला पदाधिकारी ने शेष योजनाओं में आवश्यक कार्रवाई करते हुए कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
नगर परिषद, नवादा अंतर्गत मंगर बिगहा पुल के पार से बुधौल होते हुए एन.एच.-20 तक नाला निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। उप परियोजना निदेशक, बुडको द्वारा बताया गया कि उक्त कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस पर जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, नवादा को स्थल का स्वयं निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता की जांच करने तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नगर परिषद, नवादा अंतर्गत गोवर्धन मंदिर से यादव चौक, वीआईपी कॉलोनी होते हुए गोनावां आहर तक नाला एवं सड़क निर्माण कार्य की समीक्षा के क्रम में कार्य प्रारंभ नहीं होने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि संबंधित एजेंसी द्वारा 30 सितंबर 2026 तक कार्य प्रारंभ नहीं किया जाता है, तो संबंधित एजेंसी का एकरारनामा रद्द करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए इसके साथ ही नगर परिषद नवादा में निर्माणाधीन विद्युत शवदाहगृह के निर्माण में विलंब पर संवेदक के विरुद्ध पेनाल्टी लगाने का निर्देश बुडको को दिया गया।
नगर परिषद, हिसुआ की समीक्षा के क्रम में वार्ड संख्या-08 स्थित पांचू तालाब के चारों ओर चहारदीवारी एवं गेट निर्माण, बोरिंग की व्यवस्था तथा विभिन्न स्थानों पर शौचालय निर्माण से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उप परियोजना निदेशक, बुडको द्वारा बताया गया कि उक्त कार्य प्रगति पर है। जिला पदाधिकारी ने निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया। वहीं, हिसुआ-नवादा मुख्य मार्ग से अंदर बाजार होते हुए महादेव मोड़ तक पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
इसके साथ ही बताया गया कि नगर परिषद, वारिसलीगंज अंतर्गत साम्बेग्राम में सुरेश राम के घर से गणेश पाठक के घर तक पीसीसी ढलाई का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि नगर पंचायत, रजौली अंतर्गत वार्ड संख्या-01 में आंगनबाड़ी केंद्र से धनार्जय नदी तक मिट्टी भराई एवं पथ निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त महादेव मोड़ से सिरोडाबर तक सड़क निर्माण कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को नियमित रूप से निर्माणाधीन एवं पूर्ण योजनाओं के कार्यस्थलों का निरीक्षण करने, निर्माण कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने तथा योजनाओं की प्रगति का नियमित प्रतिवेदन तैयार कर मुख्यालय को समर्पित करने का निर्देश दिया।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 30, 2026