### डीएम के निर्देश पर सभी उप निबंधक कार्यालयों में औचक जांच, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
**देवरिया, 20 अगस्त।** जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर जिले के सभी उप निबंधक कार्यालयों में औचक निरीक्षण किया गया। सभी उप जिलाधिकारियों ने अपने-अपने तहसील क्षेत्र के उप निबंधक कार्यालयों में पहुंचकर अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति, निबंधन कार्यों की स्थिति, अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई और कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
**बरहज में सभी कर्मचारी मिले उपस्थित**
उप जिलाधिकारी बरहज शशिकांत मणि ने पूर्वाह्न 10:20 बजे उप निबंधक कार्यालय का निरीक्षण किया। सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित मिले। उत्कर्ष बैंक के कर्मचारी भी रजिस्टर्ड मॉर्गेज के लिए कार्यालय में मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान कोई निजी कर्मचारी कार्य करते हुए नहीं पाया गया।
**रुद्रपुर में अभिलेखों के रख-रखाव पर जोर**
उप जिलाधिकारी रुद्रपुर राज कुमार गुप्ता ने उपस्थिति पंजिका और अभिलेखागार का निरीक्षण किया। सभी कर्मचारी उपस्थित मिले और कोई निजी व्यक्ति शासकीय कार्य करता नहीं मिला। अभिलेखों के बेहतर रख-रखाव और साफ-सफाई के निर्देश दिए गए। कार्यालय में मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर किसी प्रकार की समस्या की शिकायत नहीं मिली। खराब शौचालय की मरम्मत का कार्य जारी पाया गया।
**सदर कार्यालय में ऑनलाइन सेवाओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश**
उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार ने निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारियों को उपस्थित पाया। कंप्यूटर कक्ष की गोपनीयता बनाए रखने के लिए उसे अंदर से बंद रखने के निर्देश दिए गए। पंजीकरण संबंधी ऑनलाइन सेवाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा कार्यालय में आवश्यक सूचनाएं और शुल्क विवरण स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया।
**भाटपाररानी में दो प्रकरण लंबित मिले**
उप जिलाधिकारी भाटपाररानी दीपराज सिंह के निरीक्षण में सभी कर्मचारी उपस्थित मिले और अभिलेखों का रख-रखाव संतोषजनक पाया गया। पंजीकरण से संबंधित दो प्रकरण लंबित मिले। प्रभारी उप निबंधक ने बताया कि दोनों मामले हाल ही में प्राप्त हुए हैं। दोनों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। शिकायत एवं जनसुनवाई से जुड़े मामलों की स्थिति भी संतोषजनक मिली।
**सलेमपुर में लिपिक अनुपस्थित, अनधिकृत व्यक्ति के कार्य करने का मामला सामने आया**
उप जिलाधिकारी सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी के निरीक्षण में उप निबंधक प्रतिमा सिंह उपस्थित मिलीं, जबकि लिपिक आदित्य विश्वकर्मा अनुपस्थित पाए गए। बताया गया कि वह स्पॉट जांच के लिए गए हैं, लेकिन उपस्थिति पंजिका पर उनका हस्ताक्षर नहीं था।
निरीक्षण के दौरान एक व्यक्ति संविदा कर्मचारी के साथ कार्य करता हुआ भी मिला। पूछताछ में बताया गया कि वह पिछले दो वर्षों से आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्य कर रहा था, लेकिन वर्तमान में उसका नवीनीकरण नहीं हुआ है। इस मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सभी उप निबंधकों को निबंधन एवं रजिस्ट्री कार्यों को **पारदर्शी, समयबद्ध और नियमानुसार** संपादित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्यालयों की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने को कहा है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि **निरीक्षण का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।**
DM DeoriaDr. Shalabh Mani TripathiSurya Pratap Shahiसुरेन्द्र चौरसिया ‘विधायक’