मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल गेट पर चलती स्कूटी में लगी आग, धुआं उठते ही मची अफरा-तफरी
कोटा। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रोड पर दोपहर करीब डेढ़ बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर चल रही एक स्कूटी में अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में स्कूटी आग की लपटों से घिर गई। घटना हॉस्पिटल के गेट के पास हुई, जिसके चलते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार युवक हॉस्पिटल में वार्ड बॉय के पद पर काम करता है। वह दोपहर की ड्यूटी के लिए हॉस्पिटल पहुंच रहा था। गेट के पास पहुंचते ही स्कूटी से अचानक धुआं निकलता देखकर उसने वाहन रोक दिया। देखते ही देखते स्कूटी में आग भड़क उठी।
पुलिस और दुकानदारों ने संभाला मोर्चा
हॉस्पिटल चौकी के कॉन्स्टेबल बालुदास वैष्णव ने बताया कि स्कूटी में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। पानी के कैंपर से स्कूटी पर पानी डाला गया। आसपास के दुकानदार भी मदद के लिए आगे आए और बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने में सहयोग किया।
हॉस्पिटल के बाहर चाय की दुकान लगाने वाले देवराज गुर्जर ने बताया कि आग लगते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। स्कूटी को जलता देखकर लोग तमाशबीन बने रहे। उन्होंने बताया कि उन्होंने सबसे पहले बोरी डालकर आग को नियंत्रित करने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिसकर्मी पानी का कैंपर लेकर पहुंचे और सभी ने मिलकर आग बुझाई।
देवराज के मुताबिक, स्कूटी में करीब 2-3 लीटर पेट्रोल भरा हुआ था। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना पर हॉस्पिटल की फायर ब्रिगेड टीम भी मौके पर पहुंच गई।
फिलहाल स्कूटी में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती तौर पर आग शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
Ladpura, Kota | Aug 22, 2026