1 लाख की नकदी से भरा बैग बरामद कर श्रद्धालु को लौटाया!!
पुलिस आरक्षी मनोज राणा की तत्परता से खोया सामान सुरक्षित मिला, श्रद्धालु ने जताया आभार!!
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में यात्रा के दौरान एक श्रद्धालु का करीब एक लाख रुपये की नकदी और जरूरी सामान से भरा बैग खो गया। पुलिस की तत्परता और आरक्षी मनोज राणा की कर्तव्यनिष्ठा से बैग सुरक्षित बरामद कर श्रद्धालु को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को केदारनाथ यात्रा के दौरान स्थानीय तीर्थ पुरोहित ने पुलिस को सूचना दी कि उनके यजमान श्रद्धालु का बैग कहीं खो गया है। बैग में करीब एक लाख रुपये की नकदी के साथ मोबाइल फोन और अन्य जरूरी सामान रखा था। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरक्षी मनोज राणा और अन्य पुलिस कर्मियों ने तत्काल खोजबीन शुरू कर दी।
आरक्षी मनोज राणा ने संभावित स्थानों पर तलाश करते हुए अथक प्रयास किए और आखिरकार खोया हुआ बैग बरामद कर लिया। बैग में रखी नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान सुरक्षित मिलने के बाद उसे संबंधित श्रद्धालु के सुपुर्द कर दिया गया।
नकदी और जरूरी सामान से भरा बैग वापस मिलने पर श्रद्धालु और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आरक्षी मनोज राणा की ईमानदारी एवं संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिसकर्मी का यह कार्य केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सहायता और सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही, ऐसे कार्य आमजन और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।