Ambala Media:"
पंजोखरा साहिब में कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ, ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने युवाओं को नशे से दूर रहने का किया आह्वान
अंबाला, 29 सितंबर। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को गांव पंजोखरा साहिब में आयोजित सातवीं कबड्डी प्रतियोगिता का रिबन काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
मंत्री अनिल विज ने कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा की धरती मेहनतकश किसानों, देश की सीमाओं पर सेवा देने वाले जवानों और खेलों में देश-प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों की धरती है। उन्होंने कहा कि युवाओं के हाथ में खेल का सामान होना चाहिए, न कि नशे की पुड़िया।
उन्होंने बताया कि खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पंजोखरा साहिब ग्राम पंचायत को अपने स्वैच्छिक कोष से 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। प्रतियोगिता के आयोजकों ने कबड्डी खेल के लिए सिंथेटिक ट्रैक बनाने की मांग भी मंत्री के समक्ष रखी, जिस पर विज ने अधिकारियों से चर्चा कर खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।
अनिल विज ने कहा कि नशा केवल एक युवक का जीवन प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार की नींव को कमजोर करता है। उन्होंने युवाओं को खेलों से जोड़ने और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को समझाने के साथ-साथ नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से उनका उपचार करवाकर उन्हें सामान्य जीवन की ओर वापस लाने के प्रयास किए जाने चाहिए।
विज ने अंबाला छावनी में युवाओं के लिए किए गए खेल सुविधाओं के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर का फुटबॉल स्टेडियम, ऑल वेदर स्वीमिंग पूल और बैडमिंटन हॉल जैसी सुविधाएं खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित की गई हैं।
इस अवसर पर डीएसओ राम स्वरूप, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, मंडल प्रधान विकास बहगल सहित भाजपा पदाधिकारी, आयोजक, गांववासी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अंबाला मीडिया | खबरें ही खबरें
कुलजीत सेठी
Ambala, Ambala | Sep 30, 2026