राजकीय महाविद्यालय सोलन में दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिता संपन्न, 26 कॉलेजों के 150 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम ...
राजकीय महाविद्यालय सोलन में आयोजित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की दो दिवसीय अंतर-महाविद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता गुरुवार को धूमधाम से संपन्न हो गई। रोमांचक मुकाबलों के बीच महिला वर्ग में आरकेएमवी शिमला और पुरुष वर्ग में एचपीयू कैंपस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 26 महाविद्यालयों से आए 150 से अधिक छात्र-खिलाड़ियों ने भाग लिया।
समापन समारोह में राजकीय महाविद्यालय ठियोग के प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विजेता व उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण उसमें सच्ची खेल भावना और उत्साह के साथ भाग लेना है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रशासन की सराहना की।
प्रतियोगिता के परिणाम:
महिला वर्ग: आरकेएमवी शिमला ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला द्वितीय और सेंट बीड्स कॉलेज शिमला तृतीय स्थान पर रहा।
पुरुष वर्ग: एचपीयू परिसर की टीम चैंपियन बनी। मेजबान राजकीय महाविद्यालय सोलन ने द्वितीय तथा राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इससे पूर्व, कार्यक्रम की शुरुआत में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिवानी शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए पूरे स्टाफ का आभार जताया।
समारोह में राजकीय महाविद्यालय सुबाथू के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कश्यप, राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर की प्राचार्या डॉ. सुनीता गोयल, सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. जे.एस. वर्मा तथा सेवानिवृत्त योजना अधिकारी अनिल कुमार कुंडी विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
मंच संचालन डॉ. शिव लाल भारद्वाज ने किया। आयोजन सचिव प्रो. रवि राम ने प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए यूनिवर्सिटी ऑब्जर्वर डॉ. शशि किरण सहित विश्वविद्यालय अधिकारियों भूपेंद्र, अभय लखनपाल और अक्षिता वर्मा का आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक पारंपरिक नाटी ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
Solan, Solan | Oct 1, 2026