Public App Logo
सैंज: ग्राम पंचायत रैला -2 में विकास का रोडमैप तैयार , विशेष ग्राम सभा में जीपीडीपी को मिली अंतिम मंजूरी -16वें वित्त आयोग के तहत संपत्ति कर 100 से 200 रुपये हुआ, दस्तावेज शुल्क 50 रुपये तय; ऑनलाइन-ऑफलाइन भुगतान व्यवस्था पर भी बनी सहमति कुल्लू कलम न्यूज 16वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत रैला-2 में रविवार को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। बैठक में पंचायत के 405 परिवारों में से 127 लोगों ने भाग लेकर विकास संबंधी विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की और महत्वपूर्ण निर्णय लिए। ग्राम सभा में सर्वसम्मति से पंचायत के संपत्ति कर (प्रॉपर्टी टैक्स) में संशोधन को मंजूरी दी गई। ग्राम सभा के सुझावों के आधार पर अब वार्षिक संपत्ति कर 100 से 200 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं पंचायत से जारी होने वाले विभिन्न प्रमाणपत्रों एवं अन्य दस्तावेजों का शुल्क 30 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया गया। इसके अलावा स्वच्छता कर को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई और ग्रामीणों से सुझाव लिए गए। ग्राम पंचायत प्रधान डावेराम ने बताया कि पंचायत द्वारा लगाए गए करों का भुगतान अब ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकेगा। इससे ग्रामीणों को घर के निकट और डिजिटल माध्यम से भुगतान करने की सुविधा मिलेगी तथा पंचायत की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। विशेष ग्राम सभा में उद्यान, पशुपालन एवं डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भाग लिया। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों से अवगत कराया। ग्राम सभा में पंचायत विकास, राजस्व सुदृढ़ीकरण और जनसहभागिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। - Sainj News