अररिया जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय आयोजन समिति की बैठक आयोजित
अररिया जिलाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में कार्यालय वेश्म में राज्यस्तरीय आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक वर्ग की शतरंज प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रतियोगिता की तिथि एवं आयोजन स्थल, प्रतिभागियों एवं प्रभारी तथा तकनीकी पदाधिकारियों के आवासन, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं, निबंधन समिति, परिवहन समिति, मैदान/खेल स्थल निर्माण समिति, साफ-सफाई, अग्निशमन, विधि-व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा सहित विभिन्न समितियों के गठन एवं दायित्व निर्धारण पर चर्चा की गई।
बैठक में 12, 13 एवं 14 अक्टूबर 2026 को प्रतियोगिता आयोजित करने पर सहमति बनी। तीनों आयु वर्गों की शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन इनडोर स्टेडियम सह खेल भवन, अररिया में कराने का निर्णय लिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों, उनके प्रभारियों एवं तकनीकी पदाधिकारियों के आवासन, भोजन, चिकित्सा सुविधा, परिवहन, निबंधन, साफ-सफाई, अग्निशमन एवं विधि-व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रतियोगिता से पूर्व सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने सभी संबंधित समितियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियां समय पर पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Araria, Araria | Oct 3, 2026