बारा तहसील में बाढ़ का कहर, लोहागरा बिंद बस्ती में घरों तक पहुंचा पानी
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
प्रयागराज | बारा। बारा तहसील क्षेत्र की लोहागरा बिंद बस्ती में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बस्ती में पानी घुसने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। खेतों में खड़ी फसल तबाह हो गई है, घरों में पानी भरने लगा है और रास्ते जलमग्न होने से लोगों का निकलना भी मुश्किल हो गया है।
हालात की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार बारा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीण राजकुमार ने बताया कि बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कई घरों में पानी घुस चुका है और यदि जल्द निकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो पूरी बस्ती जलमग्न हो जाएगी।
ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीव घरों में घुस रहे हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। बस्तीवासियों ने प्रशासन से तत्काल जल निकासी, राहत सामग्री और सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।
Bara, Allahabad | Aug 21, 2026