खबर खटीमा✍️✍️✍️
#खटीमा में 100 किलो सोने का लालच देकर थारू जनजाति के व्यक्ति की जमीन हड़पने का आरोप, चार गिरफ्तार,तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर ठगी और ब्लैकमेलिंग का आरोप, झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर कराई रजिस्ट्री; एक आरोपी फरार
खटीमा(उधम सिंह नगर) - घर और जमीन में 100 किलो सोना गड़ा होने का लालच देकर तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर ठगी करने और धमकाकर बेशकीमती जमीन की रजिस्ट्री कराने का मामला सामने आया है। थारू जनजाति के एक व्यक्ति की जमीन हड़पने के इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है। वहीं, मामले में नामजद तांत्रिक मुकेश कुमार की मौत हो चुकी है।
#100 किलो सोने का सपना दिखाकर जाल में फंसाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, भूड़ महोलिया निवासी रणदीप सिंह पुत्र उमेश कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके पिता उमेश कुमार की हाईवे से लगी करीब डेढ़ से दो बीघा बेशकीमती जमीन थी। आरोपियों ने जमीन में 100 किलो सोना दबा होने का लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसाया। इसके बाद तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ के नाम पर उनसे रकम खर्च कराई गई। आरोप है कि इस दौरान विभिन्न दस्तावेजों पर कथित तौर पर दबाव बनाकर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान भी लिए गए।
#बंधक बनाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप
तहरीर के अनुसार, आरोपियों ने उमेश कुमार को कार में बंधक बनाने और एक महिला के माध्यम से दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दबाव और भय के चलते उन्हें जमीन का एग्रीमेंट करने के लिए मजबूर किया गया। इसके बाद दस्तावेजों में 86 लाख रुपये नकद दिए जाने की बात दर्शाते हुए दो अलग-अलग व्यक्तियों के नाम जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई। पीड़ित पक्ष ने जमीन पर कब्जा किए जाने का भी आरोप लगाया है।
#चार आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
खटीमा के पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(2), 308(6), 318(4), 319(2) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी कश्मीर सिंह फरार चल रहा है, जबकि नामजद तांत्रिक मुकेश कुमार की मौत हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, जमीन की रजिस्ट्री दो लोगो के पक्ष में कराए जाने की बात सामने आई है। इनकी भूमिका समेत मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
#ये #आरोपी #हुए #गिरफ्तार
1. लक्ष्मण सिंह — निवासी भूड़ महोलिया, खटीमा।
2. विवेक कुमार — निवासी भानुसी, खटीमा।
3. नंद किशोर — निवासी बंडिया, खटीमा।
4. शिव सिंह राणा — निवासी मोहम्मदपुर, खटीमा; तांत्रिक।
#फरार आरोपी: कश्मीर सिंह, निवासी जंगल जोगी ढेर, खटीमा।
#षड्यंत्र रचकर धन और जमीन हड़पने का आरोप
#सीओ #खटीमा #नीरज #सेमवाल के मुताबिक, उमेश कुमार ने हाल ही में अपनी एक जमीन बेची थी, जिसके एवज में उन्हें धनराशि मिली थी। इसके अलावा उनके पास हाईवे से सटी जमीन भी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर इन पैसों और जमीन को हड़पने के लिए षड्यंत्र रचने तथा सोना गड़ा होने का लालच देकर तंत्र-मंत्र के नाम पर रकम ठगने का आरोप है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
✍️✍️✍️✍️