जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई आयोजित, समस्याओं का त्वरित समाधान।
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया गया है कि आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उक्त उद्देश्य की प्राप्ति हेतु प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है। जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश के निर्देश के आलोक में लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी नवादा श्री शम्भू शरण पाण्डेय की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों द्वारा कुल 28 शिकायतें दर्ज की गईं। कार्यक्रम के दौरान लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा कई शिकायतों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को जाँचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान थाना - मुफस्सिल, ग्राम- कालीपुर के मनोज कुमार के द्वारा मुआवजा भुगतान के संबंध में , थाना- रूपौ, ग्राम- पाण्डेय गंगोट के सुनील कुमार साव के द्वारा नल-जल के संबंध में, थाना- रोह, ग्राम- रोह के अहिल्या देवी के द्वारा भूमि विवाद के संबंध में, थाना- वारिसलीगंज, ग्राम- मिरचक के दयमंती देवी के द्वारा आवास निर्माण के संबंध में आवेदन दिया गया एवं अन्य परिवादियों द्वारा विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्रस्तुत की गईं।
लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसी क्रम में अपर समाहर्ता, नवादा सदर/रजौली अनुमंडल सहित जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 15, 2026