अम्बाला रिंग रोड जनता के लिए "ट्रैफिक-फ्री" वरदान, प्रोजेक्ट मील का पत्थर साबित होगा : मंत्री अनिल विज
अम्बाला (प्रदीप कुमार)
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला में निर्माणाधीन रिंग रोड न केवल अम्बाला को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाएगा, बल्कि प्रतिदिन यहां से गुजरने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए वरदान साबित होगा।
रिंग रोड प्रोजेक्ट अम्बाला को महानगर का दर्जा दिलाएगा और शहर की रफ्तार तेज होगी।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने आज दोपहर अम्बाला रिंग रोड प्रोजेक्ट का जायजा लिया। अपनी गाड़ी में उन्होंने पूरे प्रोजेक्ट का स्थल मुआयना किया और निर्माण कार्य की प्रगति को जाना। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य रिंग रोड निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करके इसे जनता को समर्पित करना है।
गौरतलब है कि मंत्री अनिल विज के अथक प्रयासों से अम्बाला में रिंग रोड परियोजना की शुरुआत हुई थी। अम्बाला जिले के चारों ओर एक माला की तरह बन रहा यह रिंग रोड अब निर्माण के अंतिम चरण में है।
*प्रोजेक्ट की खासियत:*
- 5 नेशनल हाईवे आपस में लिंक होंगे
- 2 रेलवे ओवरब्रिज और 3 फ्लाईओवर
- 29.029 किमी लंबी सर्विस रोड
- 3 बड़े पुल, 4 छोटे पुल और 82 पुलिया
- 1 इंटरचेंज, 13 आवागमन पॉइंट और 7 व्हीकुलर अंडरपास
इससे पंजाब-हरियाणा से हिमाचल प्रदेश (कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र) जाना आसान होगा, माल ढुलाई की लागत घटेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर भाजपा नेता संजीव सोनी बब्बू, अजय बवेजा, शैलेंद्र खन्ना एवं अन्य मौजूद रहे।