पितृपक्ष में टेंपो स्टैंड की वसूली पर घमासान: 3 स्टैंड पर कलेक्शन बंद कराने का आरोप, ठेकेदार बोले- रोज 35 हजार का नुकसान, राजस्व भी प्रभावित
गया। पितृपक्ष मेला 2026 के दौरान गया शहर में टेंपो स्टैंड की बंदोबस्ती और वाहन शुल्क की वसूली को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। चौक टेंपो स्टैंड और जिला स्कूल पूर्वी-पश्चिमी गेट टेंपो स्टैंड से जुड़े बंदोबस्तधारियों ने पुलिस प्रशासन पर कलेक्शन बंद कराने और स्टैंड कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नगर निगम ने पितृपक्ष मेला अवधि में तीर्थयात्रियों के वाहनों से शुल्क नहीं लेने का निर्देश दिया है, लेकिन सामान्य वाहनों से निर्धारित शुल्क की वसूली करने पर भी पुलिस की ओर से रोक लगाई जा रही है। इससे प्रतिदिन हजारों रुपये का नुकसान हो रहा है। मामले को लेकर नगर निगम गया की ओर से 29 सितंबर को जारी पत्र भी सामने आया है। नगर निगम की सामान्य शाखा से जारी पत्र में संबंधित संवेदकों को निर्देश दिया गया है कि पितृपक्ष मेला 2026 के अवसर पर मेला अवधि समाप्त होने तक तीर्थयात्रियों के वाहनों से राशि की वसूली नहीं की जाए। वहीं, अपने निर्धारित चौहद्दी के अंदर अन्य वाहनों से राशि की वसूली करने का निर्देश दिया गया है। पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि चौहद्दी के बाहर अथवा तीर्थयात्रियों के वाहनों से राशि वसूली की शिकायत मिलती है तो विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
ठेकेदारों का आरोप- आदेश के बाद भी पुलिस रोक रही कलेक्शन
स्टैंड से जुड़े अनिल कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से उन्हें मौखिक रूप से कलेक्शन बंद करने को कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका स्टैंड पहले से मुख्य सड़क पर है। ऐसे में प्रशासन यह स्पष्ट करे कि सामान्य वाहनों से निर्धारित शुल्क की वसूली कहां से की जाए।
उनका कहना है कि वे सरकार को बंदोबस्ती के रूप में बड़ी राशि का राजस्व देते हैं। इसके बावजूद यदि मेला अवधि में वसूली पूरी तरह बंद करा दी जाती है तो उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि यदि 15 दिनों तक वसूली नहीं करने दी जाती है तो उतनी अवधि के राजस्व में भी छूट दी जाए।
रोजाना करीब 35 हजार रुपये नुकसान का दावा
बंदोबस्तधारियों ने दावा किया कि चौक टेंपो स्टैंड से करीब 25 हजार रुपये और जिला स्कूल क्षेत्र से करीब 10 हजार रुपये प्रतिदिन की वसूली प्रभावित हो रही है। इस हिसाब से मेला अवधि में लाखों रुपये का नुकसान होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस नुकसान के आंकड़े की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। चौक टेंपो स्टैंड के बंदोबस्तधारी जय सिंह ने भी प्रशासन के सामने अपनी समस्या रखी है। उनका कहना है कि उनके नाम पर चौक टेंपो स्टेशन की बंदोबस्ती है। आरोप है कि पुलिसकर्मी स्टैंड पर पहुंचकर कलेक्शन रोकने की बात कहते हैं और कार्रवाई की धमकी देते हैं। उनका कहना है कि यदि प्रशासन को वसूली पर रोक लगानी है तो उसका स्पष्ट लिखित आदेश दिया जाए।
नगर निगम के आदेश को लेकर भी खींचतान
बंदोबस्तधारियों का कहना है कि नगर निगम के नगर आयुक्त की ओर से लिखित आदेश जारी किया गया है, लेकिन स्थानीय पुलिस स्तर पर उसे लेकर अलग स्थिति बताई जा रही है। उनका आरोप है कि पुलिस की ओर से कहा जा रहा है कि जिलाधिकारी या वरीय पुलिस अधिकारी के स्तर से स्पष्ट आदेश मिलने के बाद ही स्थिति बदलेगी।
वहीं, नगर निगम के पत्र में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी और जिला नियंत्रण कक्ष को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रतिलिपि भेजी गई है।
आंदोलन की चेतावनी
बंदोबस्तधारियों ने कहा कि उनकी मांग तीर्थयात्रियों से शुल्क वसूलने की नहीं है। वे नगर निगम के निर्देश के अनुसार तीर्थयात्रियों के वाहनों से राशि नहीं लेने की बात कह रहे हैं। उनकी मांग सामान्य वाहनों से निर्धारित शुल्क की वसूली को लेकर स्पष्टता और बंदोबस्ती की राशि में नुकसान के अनुरूप राहत देने की है।
#biharpolties
#गयाजी
#गया_हो
#gayawalo
#GayaPolice
#BJPNEWS
#tempustand
Gaya Town CD Block, Gaya | Oct 1, 2026