जिला कारागार को बनाया जाएगा ‘ईट राइट कैंपस’, खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुरू की प्रक्रिया
कारागार की कैंटीन, रसोई और स्टोर का निरीक्षण, मोहनपुरा में खाद्य कारोबारियों को दिया गया प्रशिक्षण
कासगंज। जिलाधिकारी कासगंज के आदेश एवं आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंगलवार, 18 अगस्त को जिला कारागार कासगंज का निरीक्षण किया।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II कुलदीप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमबीर सिंह ने जिला कारागार की कैंटीन, रसोई, स्टोर आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान जेल अधीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
विभाग के अनुसार जिला कारागार कासगंज को ‘ईट राइट कैंपस’ बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर इसे जल्द ही ‘ईट राइट कैंपस’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
इसके अलावा तहसील कासगंज के मोहनपुरा क्षेत्र में खाद्य कारोबारियों के प्रशिक्षण के लिए FoSTaC (फोस्टेक) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा से संबंधित नियमों एवं विनियमों के साथ-साथ साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की सुरक्षित व्यवस्था के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण शिविर में FSSAI के प्रशिक्षित ट्रेनर, सहायक आयुक्त (खाद्य)-II कुलदीप सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमबीर सिंह सहित क्षेत्र के व्यापारीगण उपस्थित रहे।