सेवा संकल्प अभियान के तहत नगरीय निकायों में ‘सेवा सेतु’ शिविर किए गए आयोजित
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत जिले के सभी नगरीय निकायों में आज 4 अक्टूबर को शिविर आयोजित किए गए। शिविरों का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों एवं विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदनों का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करना रहा।
शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए योजना प्रदर्शनी एवं सूचना स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं योजनाओं के लाभ के संबंध में जानकारी दी। नागरिकों द्वारा विभिन्न योजनाओं में पंजीयन, लाभ प्राप्त करने तथा अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए गए।
प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को सौंपते हुए समय-सीमा में नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिविरों में नागरिकों को यह सुविधा भी मिली कि वे अपनी समस्याओं और योजनाओं से संबंधित विषय सीधे अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकें।
मनासा में विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू हुए शामिल
मनासा नगर परिषद में आयोजित शिविर में विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू शामिल हुए। उन्होंने शिविर में उपस्थित नागरिकों से संवाद करते हुए सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन शिविर में प्रस्तुत करने का आग्रह किया तथा कहा कि प्राप्त आवेदनों को संबंधित अधिकारियों द्वारा प्राथमिकता के साथ देखते हुए नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
विधायक श्री मारू ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी भी ली तथा आमजन को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने पर जोर दिया।
सभी नगरीय निकायों में हुई जनभागीदारी
जिले के सिंगोली, जावद, रतनगढ़, जीरन,कुकडेश्वर सहित सभी नगरीय निकायों में भी शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं एवं आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनके आवेदन प्राप्त किए।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को नागरिकों के नजदीक पहुंचाने तथा ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के अनुरूप स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Urban Development & Housing MP
#सेवा_संकल्प_अभियान #नीमच #मनासा
Neemuch, Madhya Pradesh | Oct 4, 2026