भैंसरोडगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 290 किलो 210 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त
चित्तौड़गढ़। पुलिस अधीक्षक जिला चित्तौड़गढ़ श्री धर्मेंद्र सिंह आईपीएस के निर्देशन में भैंसरोडगढ़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 290 किलो 210 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से किया सेल्टोस कार (आरजे 20 सीएल 1992) तथा अलग-अलग नंबरों की 6 नंबर प्लेटें भी जब्त की हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा श्री गोपाल सिंह कानावत आरपीएस एवं पुलिस उप अधीक्षक रावतभाटा श्री शंकर लाल मीणा आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी कमलचंद मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 4 अक्टूबर 2026 को भुंजर घाटे पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर संदिग्ध किया सेल्टोस कार के चालक ने वाहन को वापस घुमाकर मुंजर गांव की ओर भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो चालक ने भुंजर घाटे की चढ़ाई पर कार रोक दी और चालक व उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
कार की तलाशी लेने पर उसमें 290 किलो 210 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा तथा अलग-अलग नंबरों की 6 नंबर प्लेटें मिलीं। पुलिस ने मादक पदार्थ, नंबर प्लेटों सहित कार को जब्त कर लिया।
मामले में थाना भैंसरोडगढ़ पर प्रकरण संख्या 79/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
थानाधिकारी कमलचंद मीणा, कांस्टेबल भागीरथ, मनीष, रामरूप, धर्मेंद्र, लक्ष्मण एवं किशनलाल।
Badgaon, Udaipur | Oct 5, 2026