जसरा मंडी का औचक निरीक्षण, जर्जर सड़क और नालियों पर नाराज हुए डिप्टी डायरेक्टर
नवंबर के पहले सप्ताह तक सड़क-नाली निर्माण शुरू कराने का आश्वासन, पांच साल से बंद शौचालय कल से होगा चालू
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
प्रयागराज। जसरा सब्जी मंडी का मंडी प्रशासन के डिप्टी डायरेक्टर संजय कुमार सिंह ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडी की जर्जर सड़कों, खराब नालियों और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई।
डिप्टी डायरेक्टर संजय कुमार सिंह ने कहा कि जसरा मंडी में सड़क और नालियों की स्थिति वास्तव में खराब है। इसके सुधार के लिए प्रस्ताव भेजा गया है और इसी सप्ताह स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि नवंबर के पहले सप्ताह तक सड़क और नाली का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
पांच साल से बंद शौचालय कल से होगा चालू
मंडी में करीब पांच वर्षों से बंद पड़े शौचालय को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी डायरेक्टर ने कहा कि ठेकेदार से बातचीत हो चुकी है। गुरुवार से शौचालय चालू करा दिया जाएगा।
अवैध कब्जों पर होगी कार्रवाई, बनेंगी नई दुकानें
मंडी परिसर में झोपड़पट्टी और अवैध कब्जों के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को बेवजह नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग अवैध रूप से कब्जा किए हुए हैं और वहां व्यापार भी नहीं कर रहे हैं, ऐसे कब्जों को हटाया जाएगा। साथ ही मंडी में आवश्यकता के अनुसार नई दुकानों की व्यवस्था भी की जाएगी।
मंडी में लगेंगे दो वाटर कूलर
पेयजल की समस्या को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी डायरेक्टर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मंडी में ठंडे पानी की उचित व्यवस्था नहीं मिली। शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सबमर्सिबल पंप के साथ दो वाटर कूलर लगाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही मंडी में पेयजल की व्यवस्था कराई जाएगी।
आढ़ती की शिकायत पर लाइसेंस नवीनीकरण का निर्देश
निरीक्षण के दौरान आढ़ती गुलशन यादव ने मंडी सचिव द्वारा लाइसेंस रिन्यू न किए जाने की शिकायत डिप्टी डायरेक्टर से की। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मंडी सचिव श्याम लाल सिंह को लाइसेंस का नवीनीकरण कर संबंधित आढ़ती को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक निर्माण मंडी अखिलेश सिंह, मंडी सचिव श्याम लाल सिंह, अजय साहू, किसान नेता धर्मेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान आशीष सोनकर, इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, पवन केसरवानी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।