घरौंडा में रक्तदान शिविर व मेगा मेडिकल कैंप
सेवा भाव, संस्कार व संस्कृति से जुडक़र आगे बढ़ें युवा-कल्याण
करनाल, 4 अक्तूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज घरौंडा के सनातन धर्म मंदिर में श्रीराम भक्त हनुमान सभा की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 60 लोगों ने रक्तदान किया। इसी स्थान पर विर्क अस्पताल की ओर से मेगा मेडिकल कैंप भी आयोजित किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने रक्तदाताओं को बैज लगाए व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। सभा की ओर से रक्तदाताओं के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
श्रीराम भक्त हनुमान सभा की ओर से यह तीसरा रक्तदान शिविर था। इसमें नागरिक अस्पताल और विर्क अस्पताल की टीम ने रक्त एकत्र किया। मेगा कैंप में नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. रोहित सरदाना, हड्डी रोग विशेष डा. हर्ष और जनरल मेडिसिन के डा. इशित ने रोगियों की जांच की। दीप प्रज्वलन के साथ शिविर का शुभारंभ किया गया। सभा की ओर से मुख्य अतिथि का पुष्प गुच्छ व पटका पहनाकर स्वागत किया गया। रक्तदाताओं में कुछ महिलाएं भी शामिल रहीं।
इस अवसर पर श्री कल्याण ने कहा कि यह जानकर अच्छा लगा कि शिविर का आयोजन हनुमान सभा के युवाओं की ओर से किया गया है। युवाओं में सेवा भाव, संस्कार व संस्कृति से जुड़ाव, यहां देखने को मिला। उन्होंने युवाओं को शुभकामनाएं व बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी इन्हीं मूल्यों और संस्कारों के साथ आगे बढ़ते रहें। समाज सेवा का इससे बड़ा पुण्य का काम कोई हो नहीं सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष में 17 सितंबर से जारी सेवा संकल्प के कार्यक्रमों में एक कड़ी के रूप में जुडक़र अच्छा कार्य किया है। उन्होंने लोगों से आह्वïान किया कि वे समाज भलाई के कार्यों का संकल्प लें ताकि समाज में जरूरमंदों की मदद हो सके। उन्होंने कहा कि हमें केवल खुद अथवा परिवार के लिए नहीं बल्कि समाज के लिए भी जीना है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गत दिवस ढाई घंटे तक प्रधानमंत्री के साथ हरियाणा के विधायकों की बातचीत हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कोई राजनीति चर्चा नहीं की बल्कि समाज को लेकर और बेहतर क्या किया जा सकता है, इस पर विचार-विमर्श किया गया। श्री मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में व्यवस्थाओं को मजबूत किया। गरीबों को कैसे सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, इस बात की चिंता की है। उन्होंने पीएम के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घ आयु की कामना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं का भविष्य उज्ज्वल हो, इस सोच के साथ मिलकर आगे बढ़ना है।
इस मौके पर नगर पालिका चेयरमैन हैप्पीलक गुप्ता, मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजकुमार पालीवाल, पूर्व चेयरपर्सन निर्मल बैरागी, पानीपत मार्केट कमेटी के चेयरमैन अवतार शास्त्री, मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, तुषार अरोड़ा, भव्या, धीरज भाटिया आदि मौजूद रहे।
#HVN24
Thanesar, Kurukshetra | Oct 4, 2026