*गांधी जयंती पर ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह सहित जनप्रतिनिधियों ने जिला अस्पताल में किया स्वच्छता श्रमदान*
सतना, 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिला अस्पताल, सतना में “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद श्री गणेश सिंह सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए परिसर में स्वच्छता श्रमदान कर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला अस्पताल परिसर में स्थापित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।मंचीय कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया।
सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई का कार्य नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज, सुरक्षित वातावरण और विकसित भारत के निर्माण का आधार है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संचालित “स्वच्छता ही सेवा” अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जन-जन का संस्कार बनाते हुए जनभागीदारी का जनआंदोलन बनाना है।
उन्होंने उपस्थित नागरिकों से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया तथा स्वच्छता एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में निरंतर सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष श्री भगवती प्रसाद पाण्डेय, महापौर श्री योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सुष्मिता सिंह, चित्रकूट विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री विजय यादव, पूर्व महापौर श्रीमती ममता पाण्डेय, श्रीमती सपना वर्मा, श्री विजय तिवारी, नगर निगम के पूर्व स्पीकर श्री अनिल जायसवाल,निगमायुक्त डॉ नागार्जुन बी गौडा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।