जनपद शाहजहाँपुर में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु श्रीमान पुलिस अधीक्षक जनपद शाहजहाँपुर के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा राजीव चौक, पुवायां में यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का पालन कर रहे वाहन चालकों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया, जबकि यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के वाहनों पर जागरूकता संबंधी स्टीकर चिपकाकर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। आमजन को जागरूक करते हुए बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें तथा नशे की हालत में वाहन कदापि न चलाएं। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद कर राहवीर बनने के लिए प्रेरित किया गया। राहवीर योजना के अंतर्गत ₹25,000/- नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी पुवायां श्री प्रवीण मलिक द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों एवं उनसे बचाव के उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं क्षेत्राधिकारी यातायात रनवीर सिंह द्वारा “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
*कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी पुवायां प्रवीण मलिक, क्षेत्राधिकारी यातायात रनवीर सिंह, पीटीओ शाहजहाँपुर राम आश्रय, थाना प्रभारी पुवायां राधेश्याम शर्मा, सीसीटीम पुवायां प्रभारी संजय कुमार, एसएसआई धर्मेंद्र, दीपक द्विवेदी सहित पुलिस अधिकारी/कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।*