#सतगावां में छात्रों का प्रदर्शन, 2900 विद्यार्थियों पर सिर्फ 8 शिक्षक
#कोडरमा/#सतगावां: शिक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षकों की कमी समेत कई मांगों को लेकर राज्य संपोषित +2 उच्च विद्यालय बासोडीह के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बुधवार को प्रखंड मुख्यालय का घेराव किया। छात्र विद्यालय से पैदल मार्च करते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और धरना देकर अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की।
छात्रों का कहना है कि विद्यालय में करीब 2900 विद्यार्थी पढ़ते हैं, जबकि पढ़ाने के लिए सिर्फ 8 शिक्षक हैं। शिक्षकों की कमी के कारण कई विषयों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों ने शिक्षकों की संख्या बढ़ाने के साथ जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत, पेयजल की व्यवस्था और लिपिक की नियुक्ति की मांग की।
छात्रों ने कुछ शिक्षकों पर कथित तौर पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग भी की।
धरने की सूचना मिलने पर बीडीओ मनोज कुमार रवि, बीपीओ अशोक उपाध्याय समेत पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि छात्र कोडरमा उपायुक्त को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
करीब चार घंटे बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकुल राज भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिया। लेकिन छात्र अपनी मांगों पर कायम रहे।
विद्यार्थियों ने कहा कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का स्थायी समाधान चाहिए। छात्रों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने और गुरुवार को विद्यालय में तालाबंदी की चेतावनी भी दी।
#Satgawan #Koderma #Jharkhand #JharkhandNews #StudentProtest #EducationNews #SchoolNews #TeacherShortage #StudentsVoice #EducationSystem #KodermaNews #JharkhandUpdate #BreakingNews #LatestNews #ViralNews #LoktantraBharat