मसूरी नगर पालिका की बोर्ड बैठक में 34 प्रस्ताव पास: वरिष्ठ नागरिकों को हाउस टैक्स में 15% छूट, सरकारी आवासों पर कार्रवाई, डॉग शेल्टर और बायो-मीथेन प्लांट को हरी झंडी
मसूरी नगर पालिका बोर्ड की बैठक में मंगलवार को 34 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग गई। सबसे बड़ा फैसला मसूरी के स्थायी वरिष्ठ नागरिकों को हाउस टैक्स में 15 प्रतिशत की छूट देने का रहा। वहीं, वर्षों से सरकारी आवासों पर कब्जा जमाए बैठे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और बाजार दर पर किरायानामा लागू करने का निर्णय भी लिया गया।
बोर्ड ने वर्ष 2026-27 का करीब 64.29 करोड़ रुपये का बजट पेश किया और आय-व्यय के साथ वाहनों के ईंधन खर्च तक का पूरा ब्यौरा सदन में रखकर पारदर्शिता का दावा किया।
नगर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए लंबे समय से बंद पड़े बायो-मीथेन प्लांट को जल्द शुरू करने, झड़ीपानी गौशाला परिसर में एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर और डॉग शेल्टर स्थापित करने का निर्णय लिया गया, ताकि आवारा कुत्तों और कूड़ा प्रबंधन की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
पर्यटन सीजन में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तीन माह तक 35 आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं जारी रखने और नई निविदा प्रक्रिया शुरू करने को भी मंजूरी दी गई।
पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि बोर्ड पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रहा है। सरकारी आवासों पर अनधिकृत कब्जे हटाए जाएंगे और शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित व बेहतर सुविधाओं वाला बनाने के लिए सभी प्रस्तावों पर तेजी से अमल किया जाएगा।
#cmuttrakhkhand #GaneshJoshi #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh #uttarakhand #mussoorie #uttrakhand #dehradun
Mussoorie, Dehradun | Aug 4, 2026