समस्तीपुर के गोला रोड बाजार में हल्दी की जांच, 28 नमूनों में 9 मानक से अधिक; लेड की मिलावट पर विभाग सख्त
समस्तीपुर के गोला रोड बाजार में गुरुवार को हल्दी में सीसा (लेड) की मिलावट की जांच को लेकर “फूड सेफ्टी हेल्थ चेक” अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग, बिहार के खाद्य संरक्षा प्रकोष्ठ के सहयोग से प्योर अर्थ इंडिया (Pure Earth India) एवं उद्यम मंत्र भारत लिमिटेड की टीम ने बाजार में खाद्य पदार्थों की जांच की और व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक किया।
अभियान का संचालन खाद्य संरक्षा विभाग के अभिहित पदाधिकारी जितेंद्र प्रसाद के निर्देशन में किया गया। मौके पर खाद्य संरक्षा पदाधिकारी रामा स्वामी वेंकट रमण शर्मा, प्योर अर्थ इंडिया के प्रोग्राम मैनेजर पोंशियन केरकेट्टा, उद्यम मंत्र भारत लिमिटेड के निदेशक सौरभ समदर्शी सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
जांच के दौरान पोर्टेबल एक्स-रे फ्लोरेसेंस (pXRF) मशीन की मदद से हल्दी के कुल 28 नमूनों की मौके पर जांच की गई। विभाग के अनुसार, इनमें 9 नमूनों में लेड की मात्रा FSSAI के निर्धारित मानक से अधिक पाई गई, जबकि 19 नमूने मानक के अनुरूप मिले। कुछ नमूनों में लेड की मात्रा निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक मिलने की बात भी सामने आई।
अधिकारियों ने व्यापारियों को बताया कि हल्दी में लेड की मिलावट स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकती है। व्यापारियों से केवल विश्वसनीय स्रोतों से हल्दी खरीदने और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही खाद्य सामग्री की बिक्री करने की अपील की गई।
खाद्य संरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
अभियान के अंत में व्यापारियों ने सुरक्षित और मानक अनुरूप खाद्य पदार्थों की बिक्री सुनिश्चित करने में सहयोग का आश्वासन दिया।
पूरी खबर के लिए Stream Bihar को फॉलो करें और स्थानीय समाचारों से जुड़े रहें।
#Samastipur #SamastipurNews #GolaRoad #Haldi #LeadContamination #FoodSafety #FoodSafetyCheck #FSSAI #BiharNews #Bihar #SamastipurBreaking #FoodAdulteration #HealthCheck #FoodSafetyDepartment #PureEarthIndia #UdyamMantra #BreakingNews #LatestNews #StreamBihar #समस्तीपुर #समस्तीपुर_समाचार #खाद्य_सुरक्षा #हल्दी #मिलावट #सीसा #बिहार_समाचार