कांगड़ा : केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के जदरांगल में प्रस्तावित नॉर्थ कैंपस को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
Kangra Express
AAP जिला कांगड़ा अध्यक्ष देसराज ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर 55 हेक्टेयर वन भूमि के हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करने और लंबित 30 करोड़ रुपये वन विभाग को तत्काल जमा करवाने की मांग की है।
AAP का आरोप है कि जून 2023 में केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से वन भूमि हस्तांतरण को मंजूरी मिलने के बावजूद अब तक राज्य सरकार की ओर से करीब 30 करोड़ रुपये जमा नहीं करवाए गए हैं। इसके चलते भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया अटकी हुई है और जदरांगल में प्रस्तावित कैंपस का निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा।
देसराज ने कहा कि वर्ष 2009 में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना के 16 साल बाद भी स्थायी कैंपस पूरी तरह विकसित नहीं हो पाया है। छात्रों को अस्थायी परिसरों और किराये की इमारतों में पढ़ाई करनी पड़ रही है, जबकि हॉस्टल, आधुनिक प्रयोगशालाओं और अन्य सुविधाओं की कमी भी बनी हुई है।
उन्होंने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांगड़ा की जनता को अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि धरातल पर विकास और जवाबदेही चाहिए।
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर देसराज ने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और यदि जनता का समर्थन मिला तो कांगड़ा से आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री बनाने की दिशा में पार्टी आगे बढ़ेगी।
AAP ने सरकार को 30 दिनों का समय दिया है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो जिला कांगड़ा में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू किया जाएगा।
Kangra, Kangra | Oct 6, 2026