अरवल में ट्रक चालक की चाकू मारकर हत्या, चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने किया हमला
अरवल, 15 अक्टूबर 2026। अरवल जिले के खभैनी मोड़ स्थित राजा होटल के पास गुरुवार की सुबह चोरी का विरोध करना एक ट्रक चालक को भारी पड़ गया। बदमाशों ने चाकू से कई वार कर 35 वर्षीय ट्रक चालक प्रदीप कुमार की हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मृतक की पहचान ओलिदाद, नट बिगहा निवासी स्वर्गीय बिंदर नट के 35 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार ट्रक चलाने का काम करते थे। वह अपना ट्रक खभैनी मोड़ के पास खड़ा कर परिजनों से मिलने घर चले गए थे, जबकि उनके साथी खलासी ट्रक में ही सो रहे थे।
आरोप है कि 15 अक्टूबर की सुबह करीब चार बजे कुछ बदमाश ट्रक का शीशा तोड़कर अंदर घुसे और खलासी के पास से सात हजार रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इसी दौरान प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और बदमाशों को भागते देख शोर मचाने लगे। आरोप है कि बदमाशों ने उन पर धारदार चाकू से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में अरवल सदर अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी ने अपना जीवनसाथी खो दिया, बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया और मां का सहारा छिन गया।
ग्रामीणों और परिजनों ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। अब सवाल यह है कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को कब न्याय मिलता है। Public ki Awaz
Arwal, Arwal | Oct 15, 2026