गया स्टेशन पर 14.835 किलो चांदी के साथ युवक डिटेन, बैग खोलते ही चौंकी RPF; 36.34 लाख की चांदी बरामद
ऑपरेशन सतर्क के तहत दिल्ली एंड एफओबी पर कार्रवाई, चांदी रखने और ले जाने का नहीं मिला वैध प्रमाण; इनकम टैक्स पटना कर रहा मामले की जांच
गया। गया जंक्शन पर आरपीएफ ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के पास से 14.835 किलोग्राम चांदी के आभूषण और चांदी बरामद की है। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत करीब 36 लाख 34 हजार 575 रुपए बताई गई है। चांदी के संबंध में मौके पर कोई वैध प्रमाण नहीं मिलने के बाद आरपीएफ ने उसे जब्त कर लिया और संबंधित व्यक्ति को डिटेन किया। मामले की सूचना इनकम टैक्स कार्यालय पटना को दी गई है, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आरपीएफ के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव के निर्देशन में गया पोस्ट की टीम स्टेशन परिसर में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। इस दौरान उपनिरीक्षक इन्द्र कुमार के साथ प्रधान आरक्षी सचिन्द्र कुमार, आरक्षी अमित कुमार, आरक्षी शशि शेखर और आरक्षी मुकेश कुमार मौजूद थे। उनके साथ सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार चौधरी और सीपीडीएस गया के उपनिरीक्षक मुकेश कुमार भी निगरानी अभियान में शामिल थे।
भारी बैग लेकर प्लेटफॉर्म की ओर जा रहा था
निगरानी के दौरान आरपीएफ टीम ने गया स्टेशन के दिल्ली एंड एफओबी के पास एक व्यक्ति को पीठ पर बैग लेकर प्लेटफॉर्म संख्या 6 और 7 की तरफ जाते देखा। व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जवानों ने उसे रोक लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जमशेद अली मलिक (36 वर्ष) बताया। वह पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दासपुर थाना क्षेत्र के उदयचक गांव का रहने वाला है।
आरपीएफ ने जब बैग में रखे सामान के बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि बैग में चांदी के आभूषण और चांदी रखी हुई है। इसके बाद बैग की जांच की गई। जांच में कुल 14.835 किलोग्राम चांदी मिली।
दस्तावेज नहीं दिखा पाया
आरपीएफ के मुताबिक, चांदी के आभूषण और चांदी को रखने अथवा उसका परिवहन करने से संबंधित कोई वैध प्रमाण युवक मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद प्रथम दृष्टया मामला अघोषित आभूषण और टैक्स से संबंधित प्रतीत होने पर आरपीएफ ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 14.835 किलो चांदी जब्त कर ली।
बरामद चांदी की अनुमानित कीमत 36,34,575 रुपए आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में चांदी मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी सूचना इनकम टैक्स कार्यालय पटना को दी गई।
इनकम टैक्स विभाग के हवाले जांच
आरपीएफ की ओर से मामले की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को दिए जाने के बाद विभाग ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी कहां से लाई गई थी, इसे कहां ले जाया जा रहा था और इसके संबंध में आवश्यक दस्तावेज व टैक्स संबंधी रिकॉर्ड मौजूद हैं या नहीं।
आरपीएफ ने बताया कि इनकम टैक्स कार्यालय पटना द्वारा मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। गया जंक्शन पर ऑपरेशन सतर्क के तहत हुई इस कार्रवाई को चांदी की बड़ी बरामदगी के तौर पर देखा जा रहा है।
#गयाजी
#गया_हो
#बिहार
#gaya
#GayaPolice
#gayapolicenews
#gayarailwaystation