*खनियाधाना पुलिस ने 4 वारंटों में फरार आरोपी को तालबेहट से दबोचा*
खनियाधाना। थाना खनियाधाना पुलिस ने वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 4 स्थाई वारंटों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को उत्तर प्रदेश के तालबेहट से गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पुलिस ने आज रविवार शाम 7 बजे प्रेस नोट जारी कर जानकारी दी।पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के आदेश पर जिले में स्थाई वारंटी और फरार बदमाशों की धरपकड़ के लिए कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति और एसडीओपी पिछोर संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।थाना खनियाधाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 4 वारंटों में फरार आरोपी विनोद जाटव पुत्र घनश्याम जाटव, उम्र 26 साल, निवासी ग्राम राजापुर गूडर, मेला ग्राउंड तालबेहट जिला ललितपुर में काम कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल तालबेहट पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद जाटव होना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।