चित्रकूट: बाबूपुर मोड़ के पास सड़क हादसा, डग्गा की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर घायल
पहाड़ी सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों जिला चिकित्सालय रेफर, हादसे के बाद डग्गा चालक मौके से फरार
पहाड़ी (चित्रकूट)। चित्रकूट जनपद में बाबूपुर मोड़ के पास मंगलवार को सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों युवक कर्वी से चिल्लीमल की ओर मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी एक डग्गा वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद डग्गा चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी लाया गया। यहां डॉ. मोहित विद्यार्थी ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान सरोज यादव (32 वर्ष), निवासी सभापुर, तथा शिवचरण (28 वर्ष), निवासी खड़ेहा के रूप में बताई गई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक कर्वी की एसडीएम कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। दोनों के पीडब्ल्यूडी विभाग में कार्यरत होने की भी जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद पुलिस मौके पर मौजूद रही। फरार डग्गा चालक के संबंध में आगे की जानकारी और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।