यूट्यूब पर प्रसारित ‘बाप चलावे सैलून, बेटी दिखावे बैलून’ शीर्षक गीत को लेकर सविता-सैन समाज में रोष व्याप्त है।
समाज के प्रतिनिधियों ने वीडियो में प्रयुक्त कथित आपत्तिजनक एवं अश्लील शब्दों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे समाज की भावनाओं और सामाजिक गरिमा को आहत करने वाला बताया है। इस संबंध में सविता सैन महासभा उत्तर प्रदेश (रजि.) की ओर से पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार को ज्ञापन सौंपकर वीडियो की निष्पक्ष साइबर जांच और दोषी पाए जाने पर विधि सम्मत कार्रवाई की मांग की गई।
संस्थापक राजू सविता ने बताया कि वीडियो में नाई समाज और सैलून व्यवसाय से जुड़े लोगों के पेशे को आपत्तिजनक तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिससे समाज के लोगों में नाराजगी है।
महासभा ने वीडियो के मूल अपलोडर, यूट्यूब चैनल, वीडियो निर्माण, गायन, लेखन, रिकॉर्डिंग, अपलोडिंग और प्रचार-प्रसार से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की जांच कराने की मांग की। वीडियो बिहार के जिला वैशाली के ग्राम इमुरा के थाना पातेपुर के गणेश लाजबाब यादव पुत्र चन्द्रेश भगत का नाम सामने आया है।
महानगर अध्यक्ष राजीव सविता और चंद्रभान समाधिया ने बताया कि महासभा ने पुलिस से उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए वीडियो में प्रयुक्त कथित आपत्तिजनक शब्दों की संदर्भ सहित जांच कराने तथा कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति को जांच से पहले दोषी ठहराना नहीं, बल्कि समाज की भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री की निष्पक्ष जांच कराना है।
#सविता_सैन_समाज #आगरा #पुलिस_कमिश्नर #साइबर_जांच #आपत्तिजनक_गीत #बाप_चलावे_सैलून #सैन_समाज_रोष #यूपी_पुलिस #वायरल_न्यूज़ #Agra #SavitaSainSamaj #CyberInvestigation #UPPolice #ViralNews #गीत_विवाद