कैंप बाजार व आईटीआई सब्जी मंडी से निगम ने हटाया अतिक्रमण
निगम ने अतिक्रमण को हटाकर रास्तों को कराया खाली
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: नगर निगम द्वारा कैंप बाजार और आईटीआई के सामने स्थित सब्जी मंडी में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कंबोज के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाकर रास्तों को खाली कराया गया।
मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कंबोज के साथ सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा की टीम ने बाजार में दुकानों के बाहर सड़क पर रखे सामान को हटवाया। सब्जी व फल विक्रेताओं द्वारा सड़क किनारे लगाए गए सामान और अस्थायी तौर पर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। अभियान के दौरान निगम टीम ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए दुकानदारों को सड़क व सार्वजनिक स्थान पर सामान न रखने की हिदायत दी। मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कांबोज और सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा ने दुकानदारों, सब्जी एवं फल विक्रेताओं को समझाया कि सड़क और सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण करने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। उन्होंने सभी से अपना सामान निर्धारित सीमा में रखने और बाजार की व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की। मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कांबोज ने कहा कि शहर में यातायात और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। दुकानदारों से अपील की गई कि वे कार्रवाई से बचने के लिए स्वयं ही सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखें। साथ ही चेतावनी दी कि दोबारा सड़क पर सामान रखने पर उसे जब्त किया जाएगा।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Oct 1, 2026