*सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी सिद्धान्त जैन ने बैंक मैनेजरों एवं विभिन्न प्रतिष्ठान संचालकों के साथ की बैठक*
*सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, CCTV कैमरे, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा प्रबंधों को दुरुस्त रखने पर दिया जोर*
हिसार, 17 अगस्त। जिले में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आज अपने कार्यालय में बैंक मैनेजरों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों एवं व्यवसायिक संस्थानों के संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में बैंक प्रबंधक, ज्वैलर्स, शराब ठेका संचालक, पेट्रोल पंप संचालक, केमिस्ट/मेडिकल एसोसिएशन के प्रतिनिधि, आढ़ती/कमीशन एजेंट, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालक सहित अन्य संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसपी ने सभी प्रतिनिधियों से उनके प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षा संबंधी चुनौतियों एवं समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली तथा अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस एवं व्यवसायिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विचार-विमर्श किया।
*CCTV कैमरे और सुरक्षा उपकरणों को रखें दुरुस्त*
एसपी सिद्धान्त जैन ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिए कि अपने-अपने संस्थानों में लगे CCTV कैमरों को 24 घंटे चालू एवं कार्यशील स्थिति में रखें। कैमरों की दिशा इस प्रकार हो कि प्रवेश एवं निकास द्वार, कैश काउंटर, पार्किंग तथा आसपास का क्षेत्र स्पष्ट रूप से कवर हो सके। CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग को पर्याप्त अवधि तक सुरक्षित रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि बैंक, ज्वैलरी शोरूम, पेट्रोल पंप, शराब के ठेके, मेडिकल स्टोर, आढ़त/कमीशन एजेंट, होटल एवं रेस्टोरेंट जैसे प्रतिष्ठान अपराधियों के निशाने पर हो सकते हैं। इसलिए संचालक अलार्म सिस्टम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा गार्ड एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
*संदिग्ध गतिविधि की तुरंत दें सूचना*
एसपी ने कहा कि किसी भी प्रतिष्ठान के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि दिखाई देने पर इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने सभी संचालकों से अपने कर्मचारियों का उचित रिकॉर्ड एवं पहचान संबंधी विवरण रखने तथा नए कर्मचारियों की नियुक्ति से पहले आवश्यक सत्यापन करवाने की भी अपील की।
उन्होंने विशेष रूप से बैंक एवं अन्य वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि बड़ी नकदी के आवागमन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा सावधानी बरती जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
*पुलिस एवं व्यापारिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर*
बैठक में एसपी ने कहा कि अपराध की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पुलिस और आमजन के आपसी सहयोग एवं समन्वय से ही प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी कमी को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए।
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस द्वारा अपराध की रोकथाम एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस द्वारा लगातार गश्त एवं निगरानी बढ़ाई जा रही है तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
उन्होंने सभी प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की कि सुरक्षा संबंधी किसी भी समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को तुरंत दें और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें। हिसार पुलिस आमजन एवं व्यापारिक वर्ग की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।