सफाई कराने वालों के ही दफ्तर में कूड़े के ढेर, सरकार-कर्मचारियों का टकराव बढ़ा
- हड़ताल 25-26 अगस्त तक बढ़ी, कर्मचारी बोले, बातचीत नहीं हुई तो आंदोलन होगा और व्यापक; पार्षदों ने भी दिया समर्थन
भिवानी।
शहर की सफाई व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों का आंदोलन अब नगर परिषद के उन दफ्तरों तक पहुंच गया, जहां से शहर की सफाई व्यवस्था संचालित होती है। सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने नगर परिषद अधिकारियों के कार्यालयों के बाहर ही नहीं, बल्कि अंदर भी कूड़ा डाल दिया। देखते ही देखते कार्यालय परिसर में कूड़े के ढेर लग गए। बाद में कर्मचारियों को ही इसे उठाकर साफ करना पड़ा। इस दृश्य ने हड़ताल और सरकार के बीच बढ़ते टकराव को साफ तौर पर सामने ला दिया। सफाई कर्मचारियों और कर्मचारी नेताओं ने सरकार पर मांगों की अनदेखी करने और बातचीत से बचने का आरोप लगाते हुए आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया। कर्मचारियों ने हड़ताल को अब 25 और 26 अगस्त तक बढ़ा दिया है।
‘पुलिस के दम पर सफाई का ढोंग’
कर्मचारी नेता कॉमरेड ओमप्रकाश ने कहा कि यदि सरकार 13 मई को हुए समझौते पर कायम रहती तो प्रदेश में आज जैसी स्थिति पैदा नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों को आपस में भिड़ाने की नीति अपना रही है और पुलिस बल के जरिए सफाई व्यवस्था बहाल करने का दिखावा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान टकराव से नहीं, बल्कि बातचीत की मेज पर बैठकर किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री से निर्णायक फैसले की मांग
कर्मचारी नेताओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मामले में निर्णायक हस्तक्षेप की मांग की। उनका कहना था कि सरकार को कर्मचारियों के साथ तत्काल बातचीत करनी चाहिए और लंबित मांगों का समाधान निकालना चाहिए। वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि रेणु संदीप तंवर बंटी ने कहा कि कर्मचारियों की आवाज दबाने का प्रयास हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो आंदोलन को पूरे हरियाणा तक ले जाने की चेतावनी भी दी गई।
पार्षद भी कर्मचारियों के साथ
आंदोलन को नगर परिषद के कुछ पार्षदों का भी समर्थन मिला। पार्षद विनोद कुमार, जयबीर रंगा सहित अन्य पार्षदों ने कर्मचारियों की मांगों पर सरकार से गंभीरता से विचार करने की अपील की। कर्मचारी नेता ओमप्रकाश ने कहा कि अब सफाई कर्मचारी अन्य कर्मचारी संगठनों को साथ लेकर जनता के बीच जाएंगे और सरकार की नीतियों से लोगों को अवगत कराएंगे। आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज करने की बात कही गई।
चेयरपर्सन प्रतिनिधि बोले—कार्यालय का मामला सुलझ गया
नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप का कहना है कि कार्यालयों में कूड़ा डालने का मामला सुलझा लिया गया है। उन्होंने माना कि कर्मचारियों की मांगें पूरे हरियाणा की समस्या हैं और सरकार के स्तर पर बैठकें भी चल रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द आपसी सहमति से समाधान निकलेगा। इस दौरान कर्मचारी नेता सुखदर्शन सरोहा, सुखदेव सिंह, सफाई कर्मचारी नेता पुरुषोत्तम दानव, कर्मचारी नेता जयहिंद, अग्निशमन यूनियन नेता अजय श्योराण सहित अनेक कर्मचारी नेता और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Sirsa, Sirsa | Aug 25, 2026