जिलाधिकारी महोदय के द्वारा प्राथमिक विद्यालय पासवान टोला में हुई दुखद घटना के प्राप्त जांच प्रतिवेदन के संदर्भ में किया गया संबोधन।
दिनांक: 01 अक्तूबर 2026
*प्राथमिक विद्यालय पासवान टोला की सीढ़ी गिरने की घटना के जांचोपरांत जाँच प्रतिवेदन शिक्षा विभाग को कार्रवाई हेतु समर्पित |*
खगड़िया, 01 अक्तूबर 2026। जिलाधिकारी खगड़िया के निर्देशानुसार मानसी प्रखंड अंतर्गत अमनी पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय पासवान टोला, अमनी में सीढ़ी गिरने से कल हुए मानव क्षति होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए घटना की विस्तृत जाँच के लिए जिला पदाधिकारी द्वारा तीन सदस्यीय जाँच दल का गठन किया गया था । जाँच टीम के द्वारा जांचोपरांत अपना रिपोर्ट समर्पित कर दिया गया है | जाँच दल में श्री धनंजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, खगड़िया, श्री अमरेन्द्र कुमार गोण्ड, जिला शिक्षा पदाधिकारी, खगड़िया तथा श्री मुक्ति नारायण, कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल, खगड़िया को शामिल थे । जाँच दल द्वारा घटना स्थल का तत्काल स्थलीय निरीक्षण करते हुए विस्तृत जांच किया गया |
जाँच के दौरान विद्यालय भवन एवं सीढ़ी की संरचनात्मक स्थिति, निर्माण/मरम्मति से संबंधित अभिलेख, संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों की भूमिका तथा घटना के संभावित कारणों की विस्तृत पड़ताल किया गया ।
तीन सदस्यीय जाँच टीम के द्वारा जांचोपरांत रिपोर्ट समर्पित कर दी गई है जिसकी प्रति शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई हेतु उपलब्ध करा दिया गया है | प्रथम दृष्टया यह पाया गया है कि 2018 में निर्मित यह भवन में तत्कालीन प्रधानाचार्य के द्वारा अनियमितता बरते जाने की बात प्रकाश में आई है | प्रधानाचार्य के द्वारा निर्माण कार्य में न ही सम्पूर्ण राशि का उपयोग किया गया और न ही मानक के अनुरूप निर्माण कार्य कराया गया है | उनके विरुद्ध क़ानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है| वर्तमान में अनुश्रवण हेतु जिम्मेवार शिक्षा समिति , प्रधानाध्यापक , सम्बंधित अभियंताओं एवं शिक्षा पदाधिकारी पर जवाबदेही तय करते हुए उनके विरूद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है |
इस घटनाक्रम को देखते हुए जिले के सभी सरकारी विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों के भवन के निर्माण कार्य की जाँच हेतु जिला पदाधिकारी द्वारा BSEIDC के माध्यम से सेफ्टी ऑडिट कराने का निर्णय लिया गया है | साथ ही जिले के 1150 से ज्यादा सरकारी विद्यालयों के आपदा एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से जांच हेतु जिला प्रशासन द्वारा टीम गठित कर जांच करने की करवाई की जा रही है | जिलाधिकारी खगड़िया के निदेश पर इस दुखद घटना में मृत बच्ची के आश्रित को त्वरित रूप से अंचलाधिकारी, मानसी द्वारा मृतक अनुदान योजना के तहत 4 लाख रुपए की मुआवज़ा राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है ।