#चंदनकियारी #News11 #BokaroNews
दुर्गा पूजा को लेकर भोजूडीह ओपी में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा
दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर भोजूडीह ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ओपी प्रभारी अवेन्द्र कुमार साव ने की। इसमें क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान ओपी प्रभारी ने दुर्गा पूजा के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी पूजा समितियों को अपने-अपने दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों (वालंटियर) की तैनाती अनिवार्य रूप से करने पर जोर दिया गया।
पूजा समिति के सदस्यों ने बिजली, पानी एवं सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अपनी-अपनी राय रखी। इस पर पुलिस प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि पूजा के दौरान सभी प्रमुख पूजा पंडालों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि भीड़ के दौरान महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में उपस्थित जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष देवाशीष मंडल ने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस प्रशासन हमेशा लोगों के साथ भाईचारे और सहयोग की भावना से काम करता रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष भी सभी के सहयोग से दुर्गा पूजा एवं रामनवमी शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगी।
बैठक में उपस्थित लोगों ने भी त्योहारों के दौरान शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा प्रशासन को सहयोग देने की बात कही।
SP Bokaro DC Bokaro