चौरास टीचर्स कॉलोनी में गुलदार की दस्तक, गाय को बनाया शिकार
चौरास पार्क के समीप हुई घटना, लोगों ने बनाया वीडियो; क्षेत्र में दहशत
श्रीनगर। चौरास क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता से लोगों में दहशत का माहौल है। सोमवार शाम चौरास स्थित टीचर्स कॉलोनी में चौरास पार्क के समीप गुलदार ने एक गाय को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि गुलदार ने कॉलोनी के समीप गाय पर हमला किया और उसे मार डाला। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने गुलदार की गतिविधियों का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चौरास क्षेत्र में आबादी के नजदीक गुलदार की लगातार मौजूदगी से स्थानीय लोगों में भय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि गुलदार के आबादी क्षेत्र में पहुंचने से खासकर शाम और रात के समय घरों से बाहर निकलने में डर लग रहा है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा गुलदार की सक्रियता पर नजर रखने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो गुलदार के आबादी क्षेत्र में आने की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
घटना के बाद से चौरास टीचर्स कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में गुलदार की दहशत बनी हुई है। स्थानीय लोग अब वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।