युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच का शुभारंभ
---
जिले में आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव कार्यों के लिए युवाओं को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच का शुभारंभ आज स्थानीय होटल में किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ अपर कलेक्टर श्री शिवप्रसाद मंडराह ने किया। प्रशिक्षण के द्वितीय बैच में कुल 175 प्रतिभागी शामिल हुए।
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा इस बैच में विशेष रूप से जिले की चयनित जलीय संरचनाओं के तटीय क्षेत्रों में निवास करने वाले प्रतिभागियों को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्यों के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना है।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर अपर कलेक्टर श्री मंडराह ने प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण के महत्व की जानकारी देते हुए प्रशिक्षण को गंभीरता एवं अनुशासन के साथ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित युवा स्थानीय स्तर पर लोगों की मदद करने और राहत-बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में पॉलिटेक्निक कॉलेज से आई लेक्चरर श्रीमती दीपा जैन द्वारा आपदा प्रबंधन विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया गया। इसके पश्चात जिला सेनानी श्री बीपी नामदेव द्वारा विभिन्न प्रकार की आपदाओं की बेसिक जानकारी, आपदा के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी संस्थाओं एवं उनके दायित्वों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के अगले सत्र में पीसी श्री अमित दुबे द्वारा भूकंप आपदा के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान प्रतिभागियों को भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के उपाय तथा बचाव संबंधी विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी कराया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को आपदा के पूर्व तैयारी, आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया तथा आपदा के पश्चात राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की जा रही है।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
11 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Aug 22, 2026