पुरुषोत्तम गोयल बने एचएसआईडीसी वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान
- संजय रेहलन व विपुल गर्ग सचिव और राजेश कागजी कोषाध्यक्ष चुने गए; उद्योग हितों को लेकर मिलकर काम करने का संकल्प
सिरसा।
एचएसआईडीसी वेलफेयर एसोसिएशन, सिरसा की चुनाव प्रक्रिया सोमवार को सर्वसम्मति से संपन्न हुई। बैठक में पुरुषोत्तम गोयल को प्रधान, संजय रेहलन एवं विपुल गर्ग को सचिव तथा राजेश कागजी को कोषाध्यक्ष चुना गया। सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और एसोसिएशन को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई। नवनिर्वाचित प्रधान पुरुषोत्तम गोयल ने कहा कि एसोसिएशन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग से औद्योगिक क्षेत्र के विकास और सुविधाओं में सुधार के लिए मिलकर काम किया जाएगा। सचिव संजय रेहलन ने कहा कि एसोसिएशन और उद्योगपतियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि उद्योगों से संबंधित समस्याओं को एकजुट होकर प्रशासन और सरकार के समक्ष रखा जाएगा, ताकि उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने सभी सदस्यों को साथ लेकर एसोसिएशन की गतिविधियों को और सक्रिय बनाने की बात कही। सचिव विपुल गर्ग ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों और उद्यमियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य केवल समस्याएं उठाना नहीं, बल्कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके व्यावहारिक समाधान का रास्ता निकालना भी रहेगा।
कोषाध्यक्ष राजेश कागजी ने कहा कि एसोसिएशन की वित्तीय व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। सदस्यों के विश्वास को सर्वोपरि रखते हुए एसोसिएशन के संसाधनों का उचित उपयोग किया जाएगा तथा संगठन के हित में सभी निर्णय सामूहिक रूप से लिए जाएंगे। बैठक में देवेंद्र बंसल, हरदेव धंजल, संजय सिंघल, डॉ. कमल जिंदल, निशांत चावला, नरेश गुप्ता, अजय आहूजा सहित एसोसिएशन के अनेक सदस्य मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
Sirsa, Sirsa | Aug 31, 2026