केसीसी की जमा राशि बैंक में जमा नहीं कराने का आरोप, कलेक्टर से शिकायत, भेटाला सहकारी समिति 4 महीने से बंद, पासबुक व आधार कार्ड समेत दस्तावेज सोसायटी में पड़े होने का दावा : जालोर। भेटाला गांव के ग्रामीणों ने ग्राम सेवा सहकारी समिति के व्यवस्थापक डुंगरसिंह और सेल्समैन ओबाराम के खिलाफ कलेक्टर को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने केसीसी ऋण की राशि समिति के व्यवस्थापक व सेल्समैन के पास जमा करवा दी, लेकिन राशि जालोर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक में जमा नहीं करवाई गई, जिससे खातों में ब्याज बढ़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार समिति करीब चार महीने से बंद है और गेहूं वितरण भी बंद है, जबकि व्यवस्थापक ने करीब 12 महीने से भेटाला में हाजिरी नहीं दी है। ग्रामीणों ने बताया कि कई लोगों की बैंक पासबुक, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज समिति में पड़े हैं, लेकिन उन्हें लेने के लिए कोई कर्मचारी उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों ने राशि बैंक में जमा करवाकर रसीद देने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। समाधान नहीं होने पर समिति का ताला तोड़कर दस्तावेज निकालने की चेतावनी दी है।
Jalor, Jalor | Oct 1, 2026