खुखरायण वर्ल्ड ब्रदरहुड का वार्षिक सम्मेलन आयोजित, देशभर से जुटे बिरादरी के प्रतिनिधि
नई दिल्ली। खुखरायण वर्ल्ड ब्रदरहुड (रजि.) की ओर से दिल्ली के कड़कड़डूमा स्थित डायमंड क्राउन बैंक्वेट में वार्षिक सम्मेलन एवं बैठक का आयोजन किया गया। सम्मेलन में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों और शहरों से खुखरायण बिरादरी की कमेटियों के पांच-पांच प्रमुख पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन खुखरायण वर्ल्ड ब्रदरहुड के प्रधान राजीव साहनी के नेतृत्व में उनकी पूरी टीम द्वारा किया गया। जनरल सेक्रेटरी कैलाश भसीन और मीडिया प्रभारी सरबजीत सूरी ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सम्मेलन में बिरादरी की एकजुटता, सामाजिक सरोकारों और संगठन को मजबूत करने सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य आर.के. आनंद, मिजोरम के पूर्व राज्यपाल ए.आर. कोहली तथा बॉलीवुड पॉप सिंगर शंकर साहनी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी खुखरायण बिरादरी की प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत की। सम्मेलन में देश के कई सेवानिवृत्त एवं वर्तमान न्यायाधीशों, उद्योगपतियों, राजनेताओं, पत्रकारों, लेखकों, सरकारी अधिकारियों, डॉक्टरों, सर्जनों, खिलाड़ियों, कलाकारों, पुलिस एवं सेना अधिकारियों तथा समाजसेवियों की उपस्थिति रही। प्रतिनिधियों ने खुखरायण वर्ल्ड ब्रदरहुड की पूरी टीम को सफल एवं भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन बिरादरी के लोगों को एक मंच पर लाने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और सामाजिक कार्यों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।