सड़क किनारे रखा बिजली का पोल हादसे को दे रहा न्योता, अविलंब हटाने की मांग — रौशन कुमार.
पूसा/समस्तीपुर, 27 सितंबर 2026। पूसा प्रखंड के दक्षिणी हरपुर पंचायत अंतर्गत हरपुर चौक के समीप पूसा–समस्तीपुर मुख्य सड़क के किनारे बिजली का पोल रखे जाने से दुर्घटना की आशंका जताई गई है। व्यस्त सड़क के किनारे पोल रखे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होने के साथ यातायात प्रभावित होने की बात कही गई है।
पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी सह भाकपा-माले जिला कमिटी सदस्य रौशन कुमार ने मामले को गंभीर बताते हुए विद्युत विभाग से अविलंब स्थल निरीक्षण कर सड़क किनारे रखे बिजली के पोल को सुरक्षित स्थान पर हटाने की मांग की है।
रौशन कुमार ने कहा कि पूसा–समस्तीपुर मुख्य सड़क पर लगातार छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क के किनारे पोल पड़े रहने से किसी भी समय दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने कहा कि किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को पहले ही आवश्यक कदम उठाना चाहिए।
उन्होंने विद्युत विभाग एवं स्थानीय प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर स्थल का निरीक्षण करने, पोल को हटाने तथा भविष्य में सड़क किनारे इस प्रकार विद्युत सामग्री नहीं रखे जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पोल नहीं हटाया गया और इससे कोई दुर्घटना होती है, तो संबंधित विभाग की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
#Samastipur #Pusa #HarPur #BijliVibhag #ElectricityDepartment #RoadSafety #RoadAccident #PublicSafety #BiharNews #SamastipurNews #PusaNews #LocalNews #जनसमस्या #सड़कसुरक्षा #StreamBihar