नगर निगम से ‘डिजिटल चाबी’ गायब, CCTV में पार्षद जेब में रखते दिखे; निगम ने FIR के लिए पुलिस को लिखा...
ग्वालियर नगर निगम के सिटी सेंटर स्थित टेंडर शाखा से डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) डोंगल गायब होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। निगम की जांच में सामने आया कि 23 जुलाई को टेबल पर रखा प्रभारी सहायक यंत्री का डोंगल वार्ड 21 के भाजपा पार्षद बृजेश श्रीवास उठाकर जेब में रखते हुए CCTV में दिखाई दे रहे हैं। डोंगल नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने फुटेज खंगाली, जिसके बाद मामले की जानकारी सामने आई। निगमायुक्त संघप्रिय ने टेंडर प्रक्रिया प्रभावित होने और डोंगल के संभावित दुरुपयोग को गंभीर मानते हुए विश्वविद्यालय थाना पुलिस को पत्र भेजकर FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं पार्षद का कहना है कि डोंगल गलती से उनकी जेब में चला गया था और उन्होंने बाद में उसे वापस कर दिया, साथ ही उन्होंने खुद को राजनीतिक तौर पर टारगेट किए जाने का आरोप लगाया है।