*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की 25 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापना के लिए किया भूमिपूजन*
---
*इंदौर के दशहरा मैदान में स्थापित होगी 197.13 लाख रूपए लागत की विशाल प्रतिमा*
----
*युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी अटल जी की प्रतिमा*
इंदौर, 16 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर के दशहरा मैदान स्थित उद्यान में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा स्थापना के लिए विधि विधान से पूजन-अर्चन कर भूमिपूजन किया। नगर पालिक निगम, इंदौर द्वारा अन्नपूर्णा रोड दशहरा मैदान में स्थित उद्यान में अटल जी की 25 फीट ऊंची प्रतिमा एवं पेडस्टल का निर्माण कराया जा रहा है। लगभग 197.13 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह प्रतिमा अटल जी की स्मृतियों, उनके व्यक्तित्व और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को चिरस्थायी स्वरूप प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दशहरा मैदान जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर अटल जी की प्रतिमा की स्थापना केवल एक स्मारक का निर्माण नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह प्रतिमा नागरिकों, विशेषकर युवाओं को अटल जी के जीवन, राष्ट्रप्रेम, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण से परिचित कराएगी।
*चार माह में पूर्ण होगा प्रतिमा स्थापना एवं पेडस्टल निर्माण कार्य*
नगर निगम इंदौर द्वारा दशहरा मैदान स्थित उद्यान में प्रतिमा स्थापना एवं पेडस्टल निर्माण का कार्य किया जा रहा है। परियोजना की कुल लागत 197.13 लाख रुपये है। प्रस्तावित प्रतिमा की ऊंचाई 25 फीट होगी और इसका निर्माण गनमेटल धातु से किया जाएगा। प्रतिमा स्थापना एवं पेडस्टल निर्माण का कार्य लगभग चार माह की अवधि में पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। यह प्रतिमा स्थल स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय एकता के आदर्शों का स्थायी स्मारक बनेगा। यहां आने वाले नागरिकों और युवाओं को उनके जीवन एवं विचारों से प्रेरणा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन, विधायकगण श्रीमती मालिनी गौड़, श्री रमेश मेंदोला, श्री मधु वर्मा, श्री महेंद्र हार्डिया और श्री गोलू शुक्ला, श्री सुमित मिश्रा, श्री प्रताप करोसिया, श्री सत्यनारायण सत्तन, श्री सुदर्शन गुप्ता, श्री गौरव रणदीवे, संभागायुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, पुलिस कमिश्नर श्री संतोष सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल तथा अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक रहे।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #AtalBihariVajpayee
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
53 views | Indore, Madhya Pradesh | Aug 16, 2026