फर्जी बैंक खाता खुलवाकर किया लाखों का अवैध लेन-देन, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
अशोकनगर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई; बैंक का आउटसोर्स कर्मी दूसरा आरोपी फरार, तलाश जारी
अशोकनगर। जिले में साइबर अपराध और फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक खातों के दुरुपयोग पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति के नाम पर उसकी बिना सहमति के फर्जी एक्सिस बैंक खाता खोलकर उसमें लाखों रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी, जो बैंक का आउटसोर्स कर्मचारी बताया जा रहा है, फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को बोहरे कॉलोनी निवासी फरियादी भूरा आदिवासी (45) ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि जाकिर उर्फ जक्का खान और राशिद खान उर्फ चिल्ली खान ने उसके पहचान संबंधी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उसकी जानकारी के बिना एक्सिस बैंक में खाता खुलवा लिया। फरियादी को इस बात का पता तब चला जब बैंक ने लाखों रुपये के भारी लेन-देन के कारण खाते को ब्लॉक कर दिया और उससे पूछताछ की।
जब पीड़ित ने इस संबंध में आरोपी जाकिर से सवाल किया, तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजीव मिश्रा के निर्देशन, एएसपी अंतरसिंह कनेश और एसडीओपी विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जाकिर उर्फ जक्का (निवासी आजाद मोहल्ला, हाल ऊर्जा कॉलोनी) को गिरफ्तार कर लिया।
सट्टे व गेमिंग से जुड़े हो सकते हैं तार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जाकिर के खिलाफ पूर्व में भी ऑनलाइन रियल मनी गेम (सट्टा/गेमिंग) के संचालन से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस को आशंका है कि इस फर्जी खाते का इस्तेमाल ऑनलाइन जुए या अन्य अवैध गतिविधियों के पैसे के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है।
बैंक कर्मचारी की भूमिका की जांच
मामले में शामिल दूसरा नामजद आरोपी राशिद खान उर्फ चिल्ली खान फिलहाल फरार है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, राशिद एक्सिस बैंक, अशोकनगर में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एसपी की आमजन से अपील
एसपी राजीव मिश्रा ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आधार, पैन कार्ड, बैंक खाते की जानकारी या ओटीपी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। यदि किसी को अपने नाम से संदिग्ध खाते या लेन-देन की जानकारी मिलती है, तो तुरंत बैंक और पुलिस को सूचित करें।
SP Ashoknagar - M.P.