गोद में मासूम, कंधे पर वर्दी..सासाराम में ड्यूटी करती महिला सिपाही की तस्वीर ने खींचा सबका ध्यान।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंगलवार को रोहतास दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कार्यक्रम स्थल के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
इसी दौरान कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वार पर तैनात एक महिला सिपाही ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। महिला सिपाही पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभा रही थीं, खास बात यह थी कि उनके साथ करीब एक साल का उनका मासूम बच्चा भी था।
*कभी गोद में बच्चा, तो कभी प्रवेश द्वार पर ड्यूटी -*
महिला सिपाही कभी अपने बच्चे को गोद में उठाकर संभालतीं तो कभी उसे अपने पास जमीन पर खड़ा रखतीं। इसके बावजूद उनकी नजर सुरक्षा व्यवस्था से नहीं हटी। प्रवेश द्वार से आने-जाने वाले लोगों पर वह लगातार नजर बनाए हुए थीं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण प्रवेश द्वार पर सुरक्षा की जिम्मेदारी काफी महत्वपूर्ण थी। महिला सिपाही ने बच्चे को संभालने के साथ-साथ अपनी ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती।
*'जवाबदेही तो जवाबदेही होती है' -*
महिला सिपाही ने अपनी ड्यूटी को लेकर कहा कि "जवाबदेही तो जवाबदेही होती है। इसमें परेशानी की कोई बात नहीं है।" उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में हजारों लोग पहुंचे हैं, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को संभालना उनकी जिम्मेदारी है।
वर्दी में तैनात महिला पुलिसकर्मी की गोद में मासूम बच्चे को देखकर वहां मौजूद लोगों की नजरें कुछ देर के लिए ठहर गईं। यह दृश्य मां की ममता और वर्दी के फर्ज के बीच संतुलन की मिसाल बन गया।